पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने घरेलू विनिर्माण को मजबूत करने और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए देश के तेल और गैस उपकरण क्षेत्र में स्वदेशीकरण और आत्मनिर्भरता बढ़ाने का आह्वान किया है।
कल नई दिल्ली में भारतीय वाणिज्य और उद्योग महासंघ- फिक्की और उद्योग जगत के संवाद के दौरान श्री पुरी ने देश के भीतर उन्नत प्रौद्योगिकियों और उपकरणों के विकास और निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत को आयात की जगह विश्व स्तरीय स्वदेशी प्रौद्योगिकियों का विकास और घरेलू आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने के साथ-साथ तेल और गैस उपकरणों के लिए एक वैश्विक विनिर्माण तथा निर्यात केंद्र के रूप में उभरना चाहिए।
पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि गोबर्धन और समुद्र मंथन मिशन जैसी पहलों से कम्प्रेस्ड बायो-गैस, अपतटीय अन्वेषण, विशेष उपकरण और उन्नत इंजीनियरिंग में नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। श्री पुरी ने तेल और गैस सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों से भारतीय निर्माताओं के साथ साझेदारी करने, प्रौद्योगिकी विकास को बढ़ावा देने, क्षेत्र परीक्षणों को सुगम बनाने और सूक्ष्म, लघु तथा मध्यम उद्यमों को अधिक अवसर प्रदान करने का आह्वान किया।