सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में लगे न्यायिक अधिकारियों को विधानसभा चुनाव तक सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि अदालत की पूर्व अनुमति के बिना सुरक्षा वापस नहीं ली जा सकती। यह निर्देश पहली अप्रैल को मालदा में हुई घटना के मद्देनजर आया है। यहां कथित तौर पर भीड़ ने न्यायिक अधिकारियों को बंधक बना लिया था। अदालत ने राष्ट्रीय अनवेषण अभिकरण-एनआईए से यह स्पष्ट करने को भी कहा कि इस घटना के संबंध में गिरफ्तार किए गए लोगों की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि है या नहीं।
सर्वोच्च न्यायालय ने पुनरीक्षण प्रक्रिया में छह लाख से अधिक दावों और आपत्तियों को संभालने वाले लगभग सात सौ न्यायिक अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। इस बीच, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने से संबंधित अपीलों की सुनवाई के लिए 19 अपीलीय न्यायाधिकरणों ने काम करना शुरू कर दिया है। न्यायालय ने चल रही चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। निर्वाचन आयोग और पश्चिम बंगाल सरकार को सुरक्षा बनाए रखने और प्रक्रिया को सुगम बनाने में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है।