सर्वोच्च न्यायालय ने तमिलनाडु और केरलम में अगस्त्यमलाई पारिस्थितिकी परिदृश्य के संरक्षित क्षेत्रों में अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए एक समयबद्ध अतिक्रमण उन्मूलन योजना तैयार करने और प्राथमिकता के आधार पर इसे लागू करने का निर्देश दिया है। शीर्ष न्यायालय ने ये भी निर्देश दिया कि उन सभी 118 वर्तमान और सेवानिवृत्त सरकारी सेवकों के खिलाफ अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए जिन्होंने अतिक्रमण किया है।
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने कहा कि अगस्त्यमलाई के संरक्षित क्षेत्रों में अतिक्रमण मद्रास उच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद कई दशकों से जारी है और लगातार बढता गया है।
शीर्ष न्यायालय ने कहा कि अतिक्रमण उन्मूलन योजना में अवैध कब्जों को हटाने के लिए व्यापक उपाय, जानबूझकर नियमों का उन्मूलन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पारिस्थितिकी पुनर्स्थापन के उपाय शामिल हैं।