अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य वर्तमान में अमरीकी क्षेत्र है। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया है कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
दक्षिण कैरोलिना में श्री ट्रम्प ने कहा कि अमरीका ने ईरान को परमाणु हथियार प्राप्त करने से रोक दिया है। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान अमरीका के साथ समझौता चाहता है।
इस बीच, ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने ट्रम्प के दावों को खारिज कर दिया है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसेन रेज़ाई ने भी ट्रम्प की टिप्पणियों की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अमरीका की जलडमरूमध्य को फिर से खोलने में असमर्थता और रणनीतिक जलमार्ग पर उसके नियंत्रण के दावे के बीच एक बड़ा अंतर है।
ईरानी अधिकारियों ने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य तब तक बंद रहेगा जब तक अमरीका ईरान की मांगों को पूरा नहीं करता। ईरान की मांगों में नाकाबंदी हटाना, ईरान की जब्त संपत्तियों को मुक्त करना और तेल प्रतिबंधों में ढील देना शामिल है।