लद्दाख में दूसरे सुरू महोत्सव का आज कारगिल के खूबसूरत दमसना पिकनिक स्थल पर शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन कारगिल स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद-एलएएचडीसी के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी पार्षद डॉ. मोहम्मद जाफर अखोन ने किया। इस अवसर पर पर्यटन कार्यकारी पार्षद अल्ताफ हुसैन, केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के पर्यटन सचिव संजीव रॉड्रिक्स, कारगिल के उपायुक्त राकेश कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
नून-कुन पर्वत चोटियों की शानदार पृष्ठभूमि में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव में लद्दाख के विभिन्न हिस्सों, देश के अन्य राज्यों और कुछ विदेशी पर्यटकों सहित बड़ी संख्या में लोग हिस्सा ले रहे हैं। महोत्सव में सुरू घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता, साहसिक पर्यटन की संभावनाओं और स्थानीय परंपराओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग, साइकिलिंग, मछली पकड़ना, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मंचीय प्रस्तुतियां और कई अन्य साहसिक तथा मनोरंजक गतिविधियां शामिल हैं। दमसना के प्राकृतिक वातावरण में ये गतिविधियां पर्यटकों को विविध और जीवंत अनुभव प्रदान कर रही हैं।
सुरू महोत्सव, सुरू घाटी में पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उद्यमिता और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभर रहा है। इसके माध्यम से देश-विदेश के पर्यटकों के सामने इस क्षेत्र की विशेषताओं को प्रस्तुत किया जा रहा है।