सरकार ने आज दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ‘उद्यमिता पर राष्ट्रीय अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया है। यह अभियान आज से 21 नवंबर तक तीन महीने के लिए और चलेगा। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने बताया कि इस अभियान से ग्रामीण महिलाओं की उद्यमिता को मजबूती और छह करोड़ लखपति दीदियां बनाने के लक्ष्य में योगदान मिलेगा। अभियान के विस्तारित चरण में कृषि और गैर-कृषि आजीविका के क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बीच उद्यमिता को बढ़ावा देने, सामुदायिक उद्यम प्रोत्साहन कैडर को मजबूत करने, डिजिटल और ई-कॉमर्स को बढ़ावा देने और उत्पादक समूहों और उत्पादक उद्यमों को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
मंत्रालय ने बताया कि इस अभियान ने महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए हैं। इनमें 50 हजार सामुदायिक कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण, 5 लाख स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए उद्यमिता और आजीविका प्रशिक्षण, स्वयं सहायता समूह परिवारों की 5 लाख किशोरियों का डेटाबेस तैयार करना, 50 हजार उद्यमों के लिए औपचारिकरण सहायता, उत्पादक समूहों और उत्पादक उद्यमों की सदस्यता को 2 लाख सदस्यों तक बढ़ाना, 20 लाख महिलाओं के बीच कृषि-पारिस्थितिक प्रथाओं को बढ़ावा देना और 25 हजार स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर शामिल करना शामिल है।