आकाशवाणी से आज रात वार्षिक सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान का प्रसारण किया जाएगा। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस व्याख्यान का प्रसारण रात साढ़े नौ बजे आकाशवाणी के सभी केंद्रों से प्रसारित किया जाएगा।
अपने व्याख्यान में श्री चौहान ने कहा है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदृष्टि, दृढ़ संकल्प और नेतृत्व ने भारत की राष्ट्रीय एकता और क्षेत्रीय अखंडता की नींव रखी। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से आकाशवाणी द्वारा आयोजित 67वें सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान को संबोधित किया।
श्री चौहान ने कहा कि सरदार पटेल के प्रयासों से 565 रियासतों का भारत में विलय देश के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि एकजुट भारत का सरदार पटेल का सपना आज भी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के जरिए देश को प्रेरित कर रहा है।
श्री चौहान ने कहा कि आतंकवाद के प्रति सरदार पटेल की कतई बर्दाश्त न करने की नीति से प्रेरणा लेते हुए भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक सहित कई कदमों के जरिए विदेशी ताकतों और आतंकवादियों के खतरों का मजबूती से जवाब दिया है। उन्होंने सरदार पटेल के उस विचार का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने आधुनिक और सुसज्जित भारतीय सेना के निर्माण तथा स्वदेशी उद्योगों को मजबूत करने पर जोर दिया था। श्री चौहान ने कहा कि भारत रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और देश के उद्योग आधुनिक हथियारों तथा सैन्य उपकरणों का तेजी से निर्माण कर रहे हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और भाईचारा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होती हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के अधूरे कार्य को पूरा किया है। श्री चौहान ने कहा कि इससे क्षेत्र में शांति और विकास को गति मिली है।
स्वतंत्र भारत के पहले उप प्रधानमंत्री तथा सूचना और प्रसारण मंत्री रहे सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि स्वरूप आकाशवाणी वर्ष 1955 से हर वर्ष सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान आयोजित कर रहा है। यह वार्षिक आयोजन वर्षों से विभिन्न विषयों पर विचारों और दृष्टिकोणों का महत्वपूर्ण संग्रह रहा है। इसके माध्यम से देश की विविध सांस्कृतिक विरासत और विकास की चुनौतियों के विभिन्न पहलुओं को गहराई से समझने का अवसर भी मिलता है।