अप्रैल 25, 2026 3:25 अपराह्न

printer

न्यायपालिका और उससे संबद्ध संस्थाओं में जनता का गहरा विश्वास है : मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत

सर्वोच्‍च न्‍यायालय के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने आज कहा कि न्यायपालिका और उससे संबद्ध संस्थाओं में जनता का गहरा विश्वास है और सभी हितधारकों की सामूहिक जिम्मेदारी है कि वे इसे मजबूती से बनाए रखें। वे जयपुर के कांस्टिट्यूशन क्लब में “सेवानिवृत्ति के बाद न्यायपालिका की भूमिका” विषय पर एक संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। पूर्व न्यायाधीशों की भूमिका पर जोर देते हुए मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि न्याय व्यवस्था को मजबूत करने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नागरिकों में कानूनी जागरूकता के अलावा, सेवानिवृत्त न्यायाधीश सुलह और मध्यस्थता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने न्यायपालिका और उससे संबद्ध राष्ट्रीय तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अन्‍य निकायों से अधिक सक्रियता और जागरूकता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालयों ने कई ऐतिहासिक फैसले दिए हैं जिनका लाखों लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने नागरिकों से अदालतों में मुकदमा दायर करने से पहले मध्यस्थता केंद्रों या लोक अदालतों से संपर्क करने का आग्रह किया।

इस मौके पर राजस्थान उच्च न्यायालय की पहल, यूनिफॉर्म रजिस्ट्रेशन नंबर सिस्टम का शुभारंभ किया गया। सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीशों के लेखों का संकलन भी जारी किया गया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा सहित कई सेवानिवृत्त और वर्तमान न्यायाधीश तथा न्यायिक अधिकारी उपस्थित थे।