राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने देशवासियों को बैसाखी, विशु, विशुव, बोहाग बिहू, पोइला बोइशाख, मेषादी, वैशाखदी और पुथंडु के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि ये त्योहार फसलों की कटाई के उपलक्ष्य में देश भर में विभिन्न रूप में मनाए जाते हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि इन त्योहारों के माध्यम से नागरिक धरती मां और किसानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। श्रीमती मुर्मु ने कामना की कि ये त्योहार सभी के जीवन में सुख और समृद्धि लाएं।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि ये त्योहार एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को दर्शाते हैं और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का उत्सव मनाने का प्रतीक हैं। उपराष्ट्रपति ने कामना की कि ये त्योहार प्रत्येक नागरिक के जीवन में सद्भाव, समृद्धि और नई आशा का संचार करें।