कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने आज कहा कि कोयला से गैस बनाने की योजना देश के औद्योगिक और आर्थिक परिवर्तन का एक प्रमुख स्तंभ बनकर उभर रही है। नई दिल्ली में सतही कोयला और लिग्नाइट से गैस बनाने की परियोजनाओं को प्रोत्साहन से जुड़े रोडशो को संबोधित करते हुए श्री रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और सुरक्षित ऊर्जा पारिस्थितिकी तंत्र की ओर बढ़ रहा है।
कोयला से गैस बनाने को बढ़ावा देने के प्रति सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार ने 8,500 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना शुरू की है। हाल ही में देश भर में कोयला गैस बनाने की परियोजनाओं को गति देने के लिए 37,500 करोड़ रुपये के अतिरिक्त वित्तीय सहायता पैकेज को मंजूरी दी गई है। श्री रेड्डी ने कहा कि भारत के दीर्घकालिक आर्थिक विकास और रणनीतिक औद्योगिक सुरक्षा के लिए घरेलू औद्योगिक क्षमताएं महत्वपूर्ण हैं।
रोडशो में नीति निर्माताओं, राज्य सरकार के प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं, निवेशकों, वित्तीय संस्थानों और कोयला से गैस बनाने की प्रक्रिया से जुड़े प्रमुख हितधारकों ने भाग लिया। कोयला और खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे भी विशिष्ट अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।