संयुक्त राष्ट्र में अफगानिस्तान के स्थायी मिशन ने पक्तिया, पक्तिका और कुनार प्रांतों में पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। इनमें महिलाओं और बच्चों सहित कई अफगान नागरिक मारे गए और घायल हुए। मिशन ने पाकिस्तान से अफगान क्षेत्र पर सैन्य हमलों को तुरंत रोकने और अंतरराष्ट्रीय कानून के कथित उल्लंघन के लिए पूर्ण जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। इससे पहले, तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने बताया था कि 28 जून की रात पाकिस्तान के हवाई हमलों में 36 लोग मारे गए और 163 अन्य घायल हुए।
अफगान मिशन ने कहा कि ये हमले अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता का गंभीर उल्लंघन हैं और संयुक्त राष्ट्र चार्टर सहित अंतरराष्ट्रीय कानून के विपरीत हैं। अफगानिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र और व्यापक अंतरराष्ट्रीय समुदाय से स्थिति पर कड़ी नजर रखने, संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों की पुष्टि करने और अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान पर बल देने का आग्रह किया।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने शत्रुता को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया और सभी पक्षों से नागरिकों की सुरक्षा करने का आग्रह किया। यूरोपीय संघ ने भी संयम और तनाव कम करने का आह्वान करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का हमेशा सम्मान किया जाना चाहिए और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इससे पहले, अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने काबुल में पाकिस्तान के दूतावास प्रभारी को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।