भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे ने कहा है कि पिछले एक दशक में भारत के पूंजी बाजार का काफी विस्तार हुआ है। वे आज मुंबई में इंडिया ओपन फाइनेंस समिट- संवाद को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2019 के बाद से यूनिक निवेशकों की संख्या में चार गुना वृद्धि हुई है और अब यह 15 करोड़ से अधिक हो गई है। तुहिन कांत पांडे ने बताया कि पिछले एक दशक में म्यूचुअल फंड परिसंपत्तियों में भी सालाना लगभग 20% की बढ़ोतरी हुई है, जो अब लगभग 83 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
अध्यक्ष ने कहा कि अकाउंट एग्रीगेटर फ्रेमवर्क के जरिए बैंक डिपॉजिट की जानकारी को ई-कंसोलिडेटेड अकाउंट स्टेटमेंट – ईसीएएस में शामिल करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस पहल से निवेशकों को अपनी वित्तीय संपत्तियों की एक व्यापक तस्वीर देखने को मिलेगी।