अक्टूबर 24, 2026 8:07 अपराह्न

printer

रिटेल ब्रोकिंग में अगली लहर छोटे कस्बों और गांवों से आएगी- तुहिन कांत

सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने आज कहा कि रिटेल ब्रोकिंग में अगली लहर सिर्फ बड़े शहरों से ही नहीं, बल्कि छोटे कस्बों और गांवों से आएगी। ‘एसोसिएशन ऑफ एनएसई मेंबर्स ऑफ इंडिया के 16वें अंतरराष्‍ट्रीय पूंजी बाजार सम्‍मेलन में श्री पांडे ने कहा कि बेहतरीन ब्रोकर सिर्फ व्‍यापार ही नहीं करते, बल्कि मार्गदर्शन भी देते हैं। उन्होंने कहा कि केवाईसी का मतलब सिर्फ ‘अपने ग्राहक को जानना’ नहीं, बल्कि ‘अपने ग्राहक की जरूरतों को समझना’ होना चाहिए। सेबी के चेयरमैन ने कहा कि जो ग्राहक जोखिमों को समझता है, वह समझदारी से निवेश करता है और लंबे समय तक निवेश बनाए रखता है। उन्होंने ब्रोकर्स को प्रोत्साहित किया कि वे निवेशकों को इक्विटी के अलावा बॉन्ड, REIT या InvIT जैसे अन्य विकल्पों के बारे में भी बताएं।

श्री पांडे ने इस बात पर गंभीर चिंता प्रकट की कि लगभग 10 में से 6 निवेशक गैर-पंजीकृत सलाहकारों और तथाकथित ‘इन्फ्लुएंसर्स’ पर भरोसा करते हैं। उन्‍होंने कहा कि सेबी के अभियान “समझ से निवेश करना आसान” को सोशल मीडिया पर 15 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया है और 5 अक्टूबर को इसकी शुरुआत के बाद से लगभग 110 करोड़ व्हाट्सएप मैसेज भेजे गए हैं। श्री पांडे ने बाजार के प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे साइबर सुरक्षा को केवल आईटी का खर्च न मानकर इसे अपनी व्यावसायिक प्राथमिकता बनाएं। सेबी प्रमुख ने कहा कि सुरक्षा में एक भी चूक पूरे सिस्टम के प्रति भरोसे को हिला सकती है।