नौसेना के प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शिनी ने स्पेन के बार्सिलोना की यात्रा कल पूरी की। यह यात्रा जारी लोकायन-26 अभियान के अंतर्गत की गई। यात्रा के दौरान पोत के कमांडिंग ऑफिसर ने स्पेनिश नौसेना और समुद्री क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस दौरान आईएनएस सुदर्शिनी को आम लोगों के लिए खोला गया। इससे भारतीय समुदाय के सदस्यों और स्थानीय लोगों को पोत के चालक दल तथा प्रशिक्षुओं से बातचीत करने का अवसर मिला।
मंत्रालय ने कहा कि बार्सिलोना की यह यात्रा भारत और स्पेन के बीच लंबे समय से चले आ रहे समुद्री संबंधों की पुष्टि करती है। साथ ही इससे दोनों देशों के बीच पेशेवर और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिला तथा मित्रता और सहयोग के संबंध और मजबूत हुए।