नवम्बर 1, 2026 9:44 अपराह्न

printer

वर्धा जिले में बनने वाला मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क रोजगार के नए अवसर खोलेगा: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि वर्धा जिले के सिंदी रेलवे में बनने वाला मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क विदर्भ में अंतरराष्ट्रीय व्यापार और रोजगार के नए अवसर खोलेगा। इस सुविधा से स्थानीय कृषि और औद्योगिक उत्पादों को जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के माध्यम से अधिक आसानी से विदेशी बाजारों तक पहुंचाया जा सकेगा।
 
केंद्रीय मंत्री गडकरी सिंदी रेलवे में इस परियोजना के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। एक सौ पचास एकड़ में बनने वाले इस पार्क का विकास सिंदी रेलवे स्टेशन के पास किया जा रहा है। इसका निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की विशेष इकाई नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड, जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण के सहयोग से कर रही है। परियोजना का निर्माण कार्य अमारा ट्रांज सॉल्यूशन को सौंपा गया है।
 
इस लॉजिस्टिक्स पार्क से विदर्भ के कपास, बिनौला, सूत, संतरे और सब्जियों के निर्यात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे मुंबई-कोलंबो-ढाका मार्ग पर माल की आवाजाही में लगने वाला समय कम होगा और परिवहन व्यवस्था अधिक कुशल बनेगी।
 
इस परियोजना से विदर्भ का लॉजिस्टिक्स नेटवर्क मजबूत होगा। स्थानीय उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक बेहतर पहुंच मिलेगी और परिवहन, गोदाम तथा इससे जुड़ी अन्य सेवाओं में रोजगार के अवसर पैदा होंगे। 
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला