जून 9, 2026 10:09 अपराह्न | The Ministry of Education

printer

शिक्षा मंत्रालय ने विश्व स्तर पर ख्याति प्राप्त तीन विदेशी उच्च शिक्षा संस्थानों को स्वीकृति पत्र जारी किए

शिक्षा मंत्रालय ने आज विश्व स्तर पर ख्याति प्राप्त तीन विदेशी उच्च शिक्षा संस्थानों को स्वीकृति पत्र जारी किए। ये संस्थान ब्रिस्टल विश्वविद्यालय, यॉर्क विश्वविद्यालय और न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय हैं। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की उपस्थिति में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष डॉ. विनीत जोशी ने स्वीकृति पत्र सौंपे। इस अवसर पर श्री प्रधान ने कहा कि भारत में इन विश्वविद्यालयों के परिसरों की स्थापना, नई शिक्षा नीति 2020 के शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ये संस्थान भारत में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, वैश्विक शिक्षण साझेदारी और अनुसंधान सहयोग को और मजबूत करेंगे।

मंत्रालय ने कहा कि ये विश्वविद्यालय महाराष्ट्र और कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों में स्थापित किए जाएंगे। मंत्रालय ने बताया कि ये विश्वविद्यालय व्यवसाय, कंप्यूटर विज्ञान और साइबर सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में कार्यक्रम पेश करेंगे। मंत्रालय ने कहा कि यह पहल भारत के नियामक और शैक्षणिक इकोसिस्‍टम में अग्रणी वैश्विक संस्थानों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी, समावेशी और भविष्य के लिए तैयार उच्च शिक्षा परिदृश्य के निर्माण में योगदान देती है।