मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र, बिहार, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और माहे के कुछ हिस्सों में कल तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिन में ओडिशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और काराईक्काल में भी तेज बारिश हो सकती है। अगले दो दिन में दक्षिण-पश्चिम मानसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं।
जम्मू-कश्मीर, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मराठवाड़ा, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में कल बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में कल लू चल सकती है। अगले चार से पांच दिन में उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
दिल्ली में कल आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।