जम्मू-कश्मीर सरकार ने वर्ष 2026-27 के सर्दियों के मौसम में कार्यालयों को श्रीनगर से जम्मू स्थानांतरित करने की वार्षिक दरबार स्थानांतरण प्रक्रिया का आदेश दिया है। यह कार्यालय दो नवंबर से खुलेंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेशानुसार, सप्ताह में पांच दिन काम करने वाले कार्यालय 30 अक्टूबर को श्रीनगर में बंद हो जाएंगे, जबकि छह दिन काम करने वाले कार्यालय 31 अक्टूबर को बंद होंगे।
सरकार ने स्थानांतरित होने वाले प्रत्येक कर्मचारी के लिए 25 हजार रुपये का यात्रा भत्ता तय किया है। सरकार ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग को जम्मू में स्थानांतरित होने वाले कर्मचारियों की आवासीय स्थानों पर राशन काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
इस बीच, सामान्य प्रशासन विभाग श्रीनगर स्थित सिविल सचिवालय में शीतकालीन सचिवालय स्थापित करेगा। विभागों को निर्देश दिया गया है कि शीतकालीन सत्र के दौरान श्रीनगर सचिवालय में उपस्थित रहने के लिए एक राजपत्रित अधिकारी और चार अराजपत्रित कर्मचारियों के नाम तय करें।
जम्मू में कार्यालय दोबारा खुलने पर सिविल सचिवालय और उसके परिसर में स्थित विभागों के प्रमुखों के कार्यालय सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक काम करेंगे। वहीं, परिसर के बाहर और छह दिन काम करने वाले विभागों के प्रमुखों के कार्यालय सुबह दस बजे से शाम साढ़े चार बजे तक खुले रहेंगे।