प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने के मुद्दे को राजनीतिक लड़ाई न बनाया जाए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले के प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी दल आगे आएं और महिलाओं को सम्मान देते हुए यह सुनिश्चित करें कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को जल्द से जल्द तैंतीस प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिले।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की नीतियों को आकार देने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और उन्हें इसमें बराबर अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से महिला आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।