इस्राएली सेना ने दक्षिणी लेबनान में स्थित रणनीतिक महत्व वाले ब्यूफोर्ट किले पर कब्जे का दावा किया है। इस्राएली रक्षा बल ने कहा कि ब्यूफोर्ट रिज और वादी अल-सलूकी क्षेत्रों में प्रवेश के बाद इस स्थल पर कब्जा किया गया। उन्होंने बताया इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित करना और हिज़्बुल्लाह की क्षमताओं को कमजोर करना है।
इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि सेना ने ब्लूफोर्ट किले पर इस्राएल का ध्वज फहरा दिया है। उन्होंने इस घटनाक्रम को सरकारी नीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव बताया। श्री नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने आईडीएफ को लेबनान में कार्रवाई बढ़ाने का निर्देश दिया है।
इस बीच इस्राएल ने दक्षिणी लेबनान के निवासियों को चेतावनी दी है और ज़हरानी नदी के दक्षिण में स्थित क्षेत्रों को खाली करने को कहा है। वहीं, लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने इस्राएल पर दक्षिणी लेबनान में विनाशकारी और सामूहिक दमन का आरोप लगाया है। लेबनानी अधिकारियों ने कहा है कि इस साल मार्च की शुरुआत से अब तक तीन हजार तीन सौ से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।