भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अपनी पहली द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में तीन-शून्य से क्लीन स्वीप करते हुए शानदार जीत दर्ज की। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में कल रात खेले गए तीसरे और अंतिम मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 92 रनों से हराकर श्रृंखला अपने नाम कर ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर दो सौ सोलह रन बनाए। भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 41 गेंदों में नाबाद 91 रन की शानदार पारी खेली, शेफाली वर्मा ने 37 गेंदों में 69 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 124 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे की ओर से शार्ने मेयर्स ने उनचास गेंदों में 60 रन बनाए। वहीं, भारतीय टीम की ओर से नंदनी शर्मा ने तीन विकेट हासिल किए।
हरमनप्रीत कौर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’, और शेफाली वर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
इस श्रृंखला के दौरान एक विशेष पहल के तहत महिला दर्शकों को तीनों टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में निःशुल्क प्रवेश दिया गया। अब दोनों टीमें वडोदरा में तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में आमने-सामने होंगी। श्रृंखला के मुकाबले इस महीने की 23, 25 और 28 तारीख को खेले जाएंगे।