अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने यूक्रेन के ज़ापोरिज़िया परमाणु बिजली संयंत्र में टर्बाइन बिल्डिंग पर ड्रोन हमले की खबर के बाद चिंता प्रकट की है। आईएईए ने बताया कि टर्बाइन बिल्डिंग पर ड्रोन हमले से उसकी दीवार में छेद हो गया। आईएईए की टीम ने नुकसान का जायज़ा लेने के लिए उस इलाके में जाने की अनुमति मांगी है। ग्रॉसी ने चेतावनी दी कि परमाणु सुविधाओं पर या उनके आस-पास होने वाले किसी भी हमले से गंभीर खतरा पैदा होता है। उन्होंने इस बात को दोहराया कि ऐसी जगहों को किसी भी हाल में निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। रूस के सरकारी परमाणु ऊर्जा निगम रोसाटॉम ने कहा कि कल यूक्रेनी ड्रोन ने यूनिट 6 के टर्बाइन आइलैंड पर हमला किया, जिससे एक ढांचे को नुकसान पहुंचा, लेकिन मुख्य उपकरणों पर कोई असर नहीं पड़ा। अभी किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं दी है।
ज़ापोरिज़िया संयंत्र यूरोप के सबसे बड़े परमाणु संयंत्रों में से एक है। यह मार्च 2022 से रूस के नियंत्रण में है। आईएईए ने इस स्थल के आस-पास सैन्य गतिविधियों से होने वाले खतरों के बारे में बार-बार चेतावनी दी है और परमाणु बुनियादी ढांचे की सुरक्षा की मांग की है।