नवम्बर 1, 2026 12:28 अपराह्न

printer

नेपाल सरकार ने आठ हजार मीटर से ऊंची छह और हिमालयी चोटियों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल की

नेपाल सरकार ने आठ हजार मीटर से ऊंची छह और हिमालयी चोटियों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल की है। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो दुनिया की 20 मान्यता प्राप्त ऊंची चोटियों में से 14 नेपाल में होंगी। नेपाल पर्वतारोहण संघ ने काठमांडू में अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण महासंघ की बैठक में यह प्रस्ताव रखा। बैठक शनिवार को समाप्त हुई। इन छह चोटियों में यालुंग कांग, कंचनजंघा साउथ, कंचनजंघा सेंट्रल, ल्होत्से मिडिल, ल्होत्से शार और यालुंग कांग वेस्ट शामिल हैं।

फिलहाल, दुनिया की 14 मान्यता प्राप्त आठ हजार मीटर से ऊंची चोटियों में से आठ नेपाल में हैं। नेपाल ने अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में ऐसी 14 चोटियों को शामिल किया है, लेकिन इनमें से छह को अभी अंतरराष्ट्रीय मान्यता नहीं मिली है। नेपाल के पर्यटन मंत्री खड़क राज पौडेल और नेपाल पर्वतारोहण संघ के अध्यक्ष फुर गेल्जे शेरपा ने यह प्रस्ताव पेश किया।

इस बैठक में 45 देशों के 95 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसमें पर्वतारोहण की सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और पहाड़ों से जुड़े दूसरे मुद्दों पर चर्चा हुई। नेपाल को उम्मीद है कि इस पहल से पर्वतारोहण और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। हालांकि, छह चोटियों को अंतरराष्ट्रीय मान्यता देने पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला