मार्च 20, 2026 2:26 अपराह्न

printer

श्रीकाकुलम में सरकार सतत अवसंरचना और बेहतर संपर्क को प्राथमिकता दे रही है: केंद्रीय मंत्री के. राम मोहन नायडू

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने आज कहा कि आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में चल रहे विकास प्रयासों के तहत सरकार सतत अवसंरचना और बेहतर संपर्क को प्राथमिकता दे रही है।

उन्‍होंने राज्य के कृषि मंत्री के. अचन्नाइडु के साथ कोटाबोम्माली मंडल के हरिश्चंद्रपुरम रेलवे स्टेशन पर विशाखापत्तनम-गुनूपुर तेज यात्री ट्रेन के परीक्षण ठहराव को हरी झंडी दिखाने के बाद यह बात कही।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह नया ठहराव आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यात्रा की सुविधा बढ़ाएगा और जिले में रेल संपर्क को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि रेल पहुंच का विस्तार और नए ठहरावों की स्थापना श्रीकाकुलम में सार्वजनिक परिवहन अवसंरचना में सुधार की व्यापक योजना का हिस्सा है।

श्री नायडू ने कहा कि सरकार स्टेशन तक पहुंचने वाली सड़कों का विकास करेगी और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सौर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराएगी। समावेशी विकास का उल्‍लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हर गांव तक बेहतर परिवहन संपर्क सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हाल ही में शुरू की गई पहलों का जिक्र करते हुए उन्होंने इंजाम्पाडु में सड़क विकास कार्यों और गरिबुला गड्डा के पास पुल के निर्माण का उल्लेख किया। इससे जिले के तटीय समुदायों के लिए संपर्क में सुधार हुआ है।

श्री नायडू ने यह भी कहा कि कोटाबोम्माली में प्रशांति एक्सप्रेस के लिए ठहराव सुनिश्चित करने और टेक्कली कस्बे में रेलवे गेट पर यातायात जाम की समस्या को हल करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने ठहराव को मंजूरी देने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार प्रकट किया।