कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित और लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए काम कर रही है। इसमें फसल कटाई के बाद प्रबंधन, वैज्ञानिक भंडारण और बेहतर विपणन व्यवस्था को मजबूत करना शामिल है।
श्री चौहान ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान 2026 के दूसरे दिन संबोधित करते हुए कहा कि तुअर, उड़द और मसूर की न्यूनतम समर्थन मूल्य-एमएसपी पर शत-प्रतिशत सरकारी खरीद सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान करने की भी व्यवस्था की जाएगी।
श्री चौहान ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय मुक्त व्यापार समझौतों से उभर रहे नए बाजार अवसरों का लाभ उठाएगा। इससे देश के कृषि उत्पादों, फलों, सब्जियों और खाद्यान्नों को वैश्विक बाजारों से जोड़ा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और भारत दुनिया के लिए एक प्रमुख खाद्य भंडार के रूप में उभर सकेगा।