सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल उस वीडियो का खंडन किया है जिसमें दावा किया गया है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन शीघ्र आर्थिक लाभ का वादा करने वाले एक निवेश प्लेटफॉर्म का प्रचार कर रही हैं। पत्र सूचना कार्यालय-पीआईबी की तथ्य जांच इकाई ने बताया कि यह वीडियो फर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस द्वारा निर्मित है। इकाई ने कहा कि वित्त मंत्री ने ऐसे किसी भी निवेश प्लेटफॉर्म या योजना का समर्थन नहीं किया है। पीआईबी ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे किसी भी जानकारी पर विश्वास करने या उसे साझा करने से पहले हमेशा आधिकारिक स्रोतों से उसकी पुष्टि करें। सरकार ने नागरिकों से ऐसी योजनाओं के झांसे में न आने का भी आग्रह किया है क्योंकि ये धोखाधड़ी के प्रयास हो सकते हैं।
News On AIR | अप्रैल 26, 2026 9:25 अपराह्न
सरकार ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन से जुड़े निवेश प्लेटफॉर्म प्रचार वाले वायरल वीडियो का किया खंडन