अक्टूबर 16, 2026 9:01 अपराह्न

printer

सरकार ने राष्ट्रीय खेल महासंघों को सहायता देने की योजना के संशोधित परिचालन दिशानिर्देश जारी किए

सरकार ने राष्ट्रीय खेल महासंघों -एन.एस.एफ. को सहायता देने की योजना के संशोधित परिचालन दिशानिर्देश जारी किए हैं। इनमें भारत में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाई गई है।
 
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने बताया कि संशोधित योजना के अंतर्गत देश में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए 50 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी। राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए भी 50 करोड़ रुपये तक की सहायता का प्रावधान किया गया है।
 
इस सहायता से खेल उपकरणों, समय निर्धारण, स्कोरिंग और परिणाम सेवाओं, तकनीकी अधिकारियों के पारिश्रमिक तथा अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं से संबंधित खर्च पूरे किए जाएंगे। संशोधित दिशानिर्देशों में शीर्ष स्तर के खिलाड़ियों की सहायता के लिए आधुनिक खेल विज्ञान सुविधाओं से युक्त विशेष ओलिम्पिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का भी प्रावधान है।
 
मंत्रालय ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत स्वदेशी खेलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने, ग्लोबल साउथ के देशों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भारत के उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण देने तथा ब्रिक्स और बिम्सटेक जैसे बहुपक्षीय मंचों के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं, सम्मेलनों और कार्यशालाओं के आयोजन के लिए भी सहायता दी जाएगी। भारत में कार्यालय वाले मान्यता प्राप्त  अंतरराष्ट्रीय और महाद्वीपीय खेल संगठनों को भी सहायता प्रदान की जाएगी।
 
संशोधित योजना भारत की दीर्घकालिक खेल दृष्टि और वर्ष 2036 के ओलिम्पिक खेलों की मेजबानी के लिए दावेदारी तथा 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के अनुरूप है।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला