लद्दाख में 27वें करगिल विजय दिवस समारोह का पहला दिन आज शाम द्रास स्थित करगिल युद्ध स्मारक पर आयोजित शौर्य संध्या समारोह के साथ संपन्न हुआ।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्रास पहुंचे और समारोह में शामिल हुए। उनके साथ लद्दाख के उपराज्यपाल, लद्दाख से सांसद हाजी हनीफा जान, मुख्य कार्यकारी पार्षद, करगिल के एलजीएचडीसी डॉ. मोहम्मद जाफर अखोने, वरिष्ठ सेना अधिकारी, नागरिक प्रशासन अधिकारी, पूर्व सैनिक, वीर नारी और करगिल शहीदों के परिजन भी उपस्थित थे।
समारोह के दौरान, रक्षा मंत्री ने करगिल शहीदों के परिजनों को श्रद्धांजलि अर्पित कर ऑपरेशन विजय के वीर योद्धाओं के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम में देशभक्तिपूर्ण संगीत प्रस्तुतियां, शहीदों के पैतृक गांवों की मिट्टी से युक्त पवित्र कलश का अर्पण, अंतरधार्मिक प्रार्थनाएं, बीटिंग रिट्रीट, राष्ट्रगान और शहीद सैनिकों की स्मृति में दीप प्रज्वलन भी शामिल थे।
दिन की शुरुआत लामोचेन व्यू प्वाइंट पर युद्ध स्मरणोत्सव के साथ हुई, जहां पूर्व सैनिकों ने करगिल युद्ध के अपने अनुभव साझा किए और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में भारतीय सेना की तकनीकी प्रगति और विकसित हो रही ड्रोन युद्ध क्षमताओं को प्रदर्शित करने वाला ड्रोन शो भी शामिल था।
ये स्मारक कार्यक्रम कल 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर करगिल युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह के साथ समाप्त होंगे।