‘पंढरपुर वारी – इन द फुटस्टेप्स ऑफ द सेंट्स’ डॉक्यूमेंट्री को एशियन एकेडमी क्रिएटिव अवॉर्ड्स 2026 में सर्वश्रेष्ठ ब्रांडेड कार्यक्रम श्रेणी में भारत का राष्ट्रीय विजेता चुना गया है।
महाराष्ट्र के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के सहयोग से 22 मिनट की इस अंग्रेजी डॉक्यूमेंट्री का निर्माण किया है। इसमें सदियों पुरानी पंढरपुर तीर्थयात्रा की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दिखाया गया है।
डॉक्यूमेंट्री में संत ज्ञानेश्वर और संत तुकाराम के भक्ति, समानता और भाईचारे के संदेशों को भी दर्शाया गया है। इसका प्रसारण डिस्कवरी के अंतरराष्ट्रीय चैनलों पर किया गया है।
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने डॉक्यूमेंट्री बनाने वाली टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से पंढरपुर वारी की समृद्ध परंपरा को दुनिया भर में पहचान मिलेगी।