दिल्ली सरकार ने त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों के जांच अभियान के अंतर्गत लगभग 131 किलोग्राम खराब खाद्य सामग्री नष्ट की है। इसमें खोया, बेसन और आटा शामिल हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर, खोया, घी, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के 37 नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजा गया है।
श्री सिंह ने कहा कि असुरक्षित या मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, वितरण या बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि त्योहारो के दौरान बाजारों, खाद्य प्रतिष्ठानों, निर्माण इकाइयों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जांच और नमूने लेने का अभियान जारी रहेगा।