अक्टूबर 23, 2026 8:25 अपराह्न

printer

देश के कारोबारी माहौल में जुलाई-सितंबर तिमाही में सुधार आया है

देश के कारोबारी माहौल में जुलाई-सितंबर तिमाही में सुधार आया है। नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च- एनसीएईआर के नवीनतम सर्वेक्षण के अनुसार, लगातार चार तिमाही तक गिरावट के बाद यह बदलाव देखा गया है। कारोबार विश्वास सूचकांक पिछली तिमाही के 99 दशमलव 8 से बढ़कर 107 दशमलव 8 हो गया है। 
सितंबर में छह शहरों की 502 कंपनियों के बीच किए गए इस सर्वेक्षण में, भरोसे के साथ व्यापार करने के चारों संकेतकों में सुधार देखा गया है। अगले छह महीनों में आर्थिक स्थिति बेहतर होने की उम्मीद करने वाली कंपनियों का अनुपात 43 प्रतिशत से बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया।  वित्तीय स्थिति में सुधार की उम्मीद करने वाली कंपनियों का अनुपात 37 से बढ़कर 41 प्रतिशत, जबकि सकारात्‍मक निवेश वाली कंपनियों का अनुपात 26 से बढ़कर 30 प्रतिशत हो गया। वहीं, 91 प्रतिशत से बढ़कर 94 प्रतिशत कंपनियों को उम्मीद है कि वे अपनी उत्पादन क्षमता का लगभग पूरा या उससे अधिक उपयोग कर सकेंगी। 
सर्वेक्षण के अनुसार, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम-एमएसएमई तथा बड़ी कंपनियों, दोनों के कारोबारी विश्वास में व्यापक सुधार हुआ है। एमएसएमई का कारोबारी विश्वास सूचकांक 93 से बढ़कर 100 हो गया, जबकि बड़ी कंपनियों का सूचकांक 111 दशमलव 6 से बढ़कर 120 दशमलव 3 पर पहुंच गया। सर्वेक्षण में यह भी कहा गया है कि घरेलू और विदेशी, दोनों बाजारों में कारोबार की संभावनाएं बेहतर हुई हैं, जबकि लागत को लेकर चिंताएं कुछ कम हुई हैं