जुलाई 28, 2026 9:57 अपराह्न

printer

केंद्र ने नागालैंड के चुमौकेदिमा में हुए विस्फोट की जांच एनआईए को सौंपी

केंद्र सरकार ने नागालैंड के चुमौकेदिमा जिले के खोपानाला में 13 जुलाई को हुए विस्फोट की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंप दी है। घटना की गंभीरता और राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके असर का हवाला देते हुए यह कदम उठाया गया है।

नागालैंड के पुलिस महानिदेशक कार्यालय द्वारा आज जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार को औपचारिक रूप से सूचित कर दिया है कि मामले की आगे की जांच के लिए एनआईए को सौंप दिया गया है।

यह मामला शुरू में चुमौकेदिमा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि नागालैंड सरकार और राज्य पुलिस कानून के तहत आवश्यक औपचारिक हस्तांतरण के लिए एनआईए के साथ समन्वय करेंगे।

संदिग्ध आईईडी विस्फोट 13 जुलाई को चुमौकेदिमा गांव के खोपानाला क्षेत्र में हुआ था। इस आईईडी विस्फोट में असम राइफल्स के एक जवान की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।