केंद्र सरकार कर्नाटक और महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति का आकलन करने के लिए टीमें भेजेगी। नई दिल्ली में रबी फसल अभियान 2026 के लिए राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात कही। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाराष्ट्र और कर्नाटक सरकारों ने अपने-अपने राज्यों के बड़े हिस्से में सूखा घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि सूखे की स्थिति का आकलन करने के लिए 3 अक्टूबर को कर्नाटक में केंद्रीय टीम भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस स्थिति में राज्यों के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने ने कहा कि शुरुआत में आशंका थी कि अल नीनो के प्रभाव से बुवाई का क्षेत्र कम हो सकता है और महत्वपूर्ण चुनौतियां उत्पन्न हो सकती हैं। हालांकि, चौहान ने कहा कि देश ने खरीफ की बुवाई के लगभग सभी लक्ष्य पूरे कर लिए हैं।
श्री चौहान ने देशभर में पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। श्री चौहान ने मिट्टी के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए उर्वरकों के संतुलित उपयोग के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने बताया कि ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत देशभर में अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों का इस्तेमाल सुनिश्चित करना और मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी को दूर करना है।