सितम्बर 19, 2026 9:42 पूर्वाह्न

printer

सीबीआई ने कथित एलआईसी निवेश धोखाधड़ी मामले में रिलायंस कैपिटल और उसके पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित भारतीय जीवन बीमा निगम-(एलआईसी) निवेश धोखाधड़ी के मामले में मुंबई स्थित रिलायंस कैपिटल लिमिटेड, इसके पूर्व अध्यक्ष और कुछ अज्ञात सरकारी कर्मचारियों सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

यह मामला भारतीय जीवन बीमा निगम-एलआईसी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2012 से 2018 के बीच एलआईसी ने रिलायंस कैपिटल द्वारा जारी पांच गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर में कुल तीन हजार नौ सौ करोड़ रुपये का निवेश किया था। इन निधियों का इस्तेमाल कंपनी की सामान्य जरूरतों, वित्त पोषण और मौजूदा कर्ज के पुनर्वित्त के लिए किया जाना था।

सीबीआई के अनुसार, आरोपियों ने आपराधिक साजिश रचकर धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और धन के कथित तौर पर दूसरे कामों में इस्तेमाल तथा गबन जैसे अपराध किए। इससे एलआईसी को करीब दो हजार छह सौ 85 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

सीबीआई ने कहा है कि जांच में सभी संबंधित लोगों की भूमिका, कथित आपराधिक साजिश और निवेश की गई धनराशि के कथित दुरुपयोग का पता लगाया जाएगा।

इससे पहले, विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, ईपीएफओ और एलआईसी की शिकायतों के आधार पर सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस, रिलायंस कैपिटल, रिलायंस होम फाइनेंस और रिलायंस टेलीकॉम सहित कंपनियों के खिलाफ आठ प्राथमिकी दर्ज की थीं। इन मामलों में सीबीआई अब तक छह आरोप-पत्र दाखिल कर चुकी है और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों की जांच की निगरानी सर्वोच्च न्यायालय कर रहा है।