अमरीका में कैलिफ़ोर्निया स्टेट असेम्बली ने इस वर्ष 8 नवंबर को दिवाली दिवस के रूप में मान्यता देने वाला एक प्रस्ताव पारित किया है। प्रस्ताव में राज्य के लोगों से उत्सव में शामिल होने का आग्रह किया है।
प्रस्ताव में दिवाली के अवसर पर कैलिफ़ोर्निया और दुनिया भर में रहने वाले भारतीय अमरिकियों और भारतीय प्रवासी समुदाय के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया गया है। प्रस्ताव में कहा गया है कि दिवाली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह संघर्षों पर विजय पाने, सकारात्मकता और विनम्रता को अपनाने का संदेश देती है।
इससे पहले डेलावेयर, न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और मैसाचुसेट्स सहित कई अमरीकी राज्यों ने 15 अगस्त को भारत दिवस के रूप में मनाने के लिए विशेष घोषणाएं की थीं, जिसमें भारत की स्वतंत्रता, समृद्ध विरासत और विविधता का जश्न मनाया गया था।