भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरुद्ध चल रहे प्रदर्शनों पर आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की चुप्पी पर निशाना साधा। नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने झारखंड का दौरा इसलिए नहीं किया क्योंकि कांग्रेस राज्य में सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा है।
श्री पात्रा ने राहुल गांधी की इस बात के लिए भी आलोचना की है कि उन्होंने अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए मासूम बच्चों को संवाददाता सम्मेलन में घसीटा। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें किसी भी मुद्दे पर राजनीति में नहीं घसीटना चाहिए।
राहुल गांधी के इस दावे पर कि गृह मंत्री संसद नहीं आ रहे हैं, संबित पात्रा ने कहा कि विपक्ष संसद को नहीं चलने दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा देश देख रहा है, विपक्ष किस प्रकार से बार-बार संसद की कार्यवाही में बाधा डाल रहा है।