बिहार सरकार ने दरभंगा के रायम और मधुबनी के सकरी में बंद चीनी मिलों को फिर चालू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज पटना में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने मंत्रिपरिषद के निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले में मंत्रिमंडल ने बिहार खेल नीति, 2026 को मंजूरी दी।
बैठक में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अन्तर्गत वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 97 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को लागू करने की भी स्वीकृति दी गई।
शहरी विकास क्षेत्र में, अमृत योजना के दूसरे चरण के अन्तर्गत किशनगंज जलापूर्ति परियोजना के लिए 53 करोड़ 71 लाख रुपये और लखीसराय जलापूर्ति परियोजना के लिए 150 करोड़ 96 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई।
मंत्रिमंडल ने राज्य के सभी जिलों में पक्का वर्मीकम्पोस्ट, गोबर बायोगैस और वाणिज्यिक वर्मीकम्पोस्ट इकाइयां स्थापित करने का भी निर्णय लिया।