अगस्त 15, 2026 9:39 अपराह्न | 80th Independence Day.

printer

देशभर में उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

मेघालय के राज्यपाल सी.एच. विजयशंकर ने आज शिलांग स्थित लोक भवन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पारंपरिक ‘एट होम’ समारोह का आयोजन किया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्‍यक्तियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
यह कार्यक्रम लोक भवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोहों का हिस्सा था। इसमें मेघालय और देश के विभिन्न हिस्सों के कलाकारों तथा सांस्कृतिक दलों ने प्रस्तुतियां दीं। खासी, जयंतिया और गारो समुदायों के पारंपरिक नृत्य-संगीत के साथ जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और कर्नाटक के कलाकारों ने भी प्रस्तुतियां दीं।
राज्यपाल ने लोक भवन के परिसर में स्वयं सहायता समूहों, सहकारी समितियों और ग्रामीण उद्यमियों की प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों और प्रदर्शित वस्तुओं का निरीक्षण किया। इन स्टॉलों पर बिक्री की भी व्यवस्था थी।
समारोह में मेघालय के जमीनी स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

मणिपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह इम्फाल पश्चिम स्थित प्रथम मणिपुर राइफल्स परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और कांगपोकपी में हुई हिंसा की निंदा करते हुए सभी समुदायों से आपसी विश्वास और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, ग्रामीण रोजगार को 125 दिन करने और विस्थापित लोगों के लिए सहायता योजनाओं की जानकारी दी।
कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में पुलिस को नए वाहन उपलब्ध कराने, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली शुरू करने और थौबल में एनआईए की विशेष अदालत स्थापित करने को प्रमुख पहल बताया गया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों में मणिपुर के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी सराहना की।
समारोह में पुलिसकर्मियों को वीरता और सराहनीय सेवा पदक तथा आईडीपी पुनर्वास और यूएनएलएफ शांति समझौते में योगदान देने वाले अधिकारियों को मुख्यमंत्री के विशेष प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

महाराष्ट्र में आज 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया। राज्यभर में विभिन्न सरकारी समारोहों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों को संबोधित करते हुए किसानों, श्रमिकों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण तथा विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने मजबूत और विकसित महाराष्ट्र के निर्माण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने पुणे स्थित लोक भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रीय एकता और एकजुटता का संदेश देते हुए पुणे में पढ़ाई कर रहे नागालैंड और मेघालय के विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् का पूर्ण संस्करण प्रस्तुत किया।
नागपुर में आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश की विविधता का सम्मान करते हुए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से संवाद बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के बारे में सोचने पर भी जोर दिया।
मुंबई में विधान भवन में विधान परिषद के सभापति प्रोफेसर राम शिंदे ने उपसभापति सचिन अहीर और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ठाणे में उपमुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री एकनाथ शिंदे ने जिला मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। महाराष्ट्र के अन्य जिलों में भी इसी तरह के समारोह आयोजित किए गए, जिनमें वरिष्ठ मंत्रियों और प्रभारी मंत्रियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोहों का नेतृत्व किया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज शहर के छत्रसाल स्टेडियम में ध्वजारोहण किया और सभी देशवासियों और दिल्लीवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में श्रीमती गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन अनगिनत वीरों के अदम्य साहस, बलिदान और समर्पण को याद करने का अवसर है, जिन्होंने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर स्वतंत्र भारत की गौरवशाली नींव रखी। उन्होंने उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी, जिनके संघर्ष ने भारत के लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लहराता तिरंगा केवल देश के गौरवशाली अतीत का प्रतीक ही नहीं, बल्कि उज्ज्वल भविष्य के प्रति हमारा संकल्प भी है।

बिहार में आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पारंपरिक उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मुख्य राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतियोगी परीक्षाओं की निगरानी और परीक्षा प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पटना उच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों में ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती की जाएगी। यह पहल रक्षाबंधन के अवसर पर शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 17 अगस्त से ‘विद्यार्थी पोर्टल’ शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थी अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे और उनका समाधान 30 दिनों के भीतर किया जाएगा।

लद्दाख में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह कारगिल के ख्री सुल्तान चो स्पोर्ट्स स्टेडियम में देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। एल.ए.एच.डी.सी कारगिल के मुख्य कार्यकारी पार्षद डॉ. मोहम्मद जाफर अखोन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।
मार्च पास्ट में पुलिस के साथ एनसीसी, स्कूलों और कॉलेजों के दलों ने हिस्सा लिया। इस दौरान देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना देखने को मिली।
डॉ. जाफर अखोन ने शहीद जवानों और सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लोगों से देश के प्रति समर्पण और मानवता की भावना के साथ कारगिल और देश की तरक्की में अपना योगदान देने की अपील की।