रत्नागिरी स्थित राष्ट्रीय कैडेट कोर-एनसीसी की दूसरी महाराष्ट्र नौसेना इकाई ने दस दिवसीय समुद्री नौकायन अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। 31 अक्टूबर 2026 को ध्वज अवरोहण समारोह के साथ इस अभियान का समापन हुआ। ‘कोंकण ज्ञान तरंग’ नाम से आयोजित इस अभियान में कैडेटों ने कोंकण तट पर रत्नागिरी से पालशेत तक और वापस लगभग ढाई सौ किलोमीटर की समुद्री यात्रा की। इस दौरान 27 फुट लंबी तीन डीके व्हेलर नौकाओं का इस्तेमाल किया गया। कैडेटों ने ज्वार-भाटा और नौकायन की तकनीकों के जरिए अरब सागर की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में यात्रा पूरी की।
अभियान के दौरान कैडेटों ने तटीय क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से शिक्षा में समान अवसर, महिला सशक्तीकरण और बाल श्रम उन्मूलन जैसे मुद्दों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इसके अलावा, कैडेटों ने साढे तीन सौ फुट की ऊंचाई से रस्सी के सहारे नीचे उतरने का चुनौतीपूर्ण अभ्यास किया। उन्हें कयाकिंग और पैरासेलिंग जैसे जल क्रीड़ाओं का प्रशिक्षण भी दिया गया।