भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की 14वीं बैठक आज आबू धाबी में हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा अवर सचिव लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम नासिर एम. अल अलावी ने की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा विभाग, भारतीय सशस्त्र बलों, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि शामिल थे।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस बैठक में प्रधानमंत्री की इस वर्ष मई में संयुक्त अरब अमीरात यात्रा के दौरान हुए भारत-यूएई रणनीतिक रक्षा साझेदारी समझौते के अंतर्गत तय की गई पहलों को आगे बढ़ाने की दिशा में चर्चा हुई। दोनों देशों ने रक्षा उद्योग, रक्षा क्षेत्र में नए प्रयोग और आधुनिक तकनीक, एआई, साइबर सुरक्षा, सैन्य प्रशिक्षण और समुद्री सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने अगली पीढ़ी के रक्षा उपकरणों के संयुक्त विकास और उत्पादन से जुड़ी साझेदारी को तेज करने पर भी सहमति व्यक्त की।
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मामलों के राज्य मंत्री मोहम्मद बिन मुबारक फादेल अल मजरोई से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र की उभरती भू-राजनीतिक स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने रणनीतिक रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।