जून 6, 2026 8:57 अपराह्न

printer

अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा

कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के मिसाइले हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव तेजी से बढ़ गया है। खाड़ी के देशों और अमेरिकी सेनाओं ने जवाब में समन्वित हवाई रक्षा कार्रवाई की। अमरीकी केंद्रीय कमान के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास क़ेशम द्वीप और गोरुक में  ईरान के तटीय निगरानी और रडार प्रतिष्ठानों पर अमरीकी हमलों के बाद ईरान ने सात मिसाइलें दागीं। इनमें छह मिसाइलों को रोक दिया गया, जबकि सातवीं मिसाइल अपने निशाने तक नहीं पहुंच पाई।  ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा है कि कुवैत में अली अल सलेम वायु सेना अड्डा और बहरीन में अमेरिकी पांचवें बेड़े का मुख्यालय इसके निशाने पर था।

बहरीन, कुवैत और कई खाड़ी देशों ने हमलों की निंदा करते हुए इन्हें क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा बताया।

उधर, लेबनान के अधिकारियों ने बताया है कि इस्राएल के हमले में एक ब्रिगेडियर और एक कैप्टन समेत तीन सैनिक मारे गए। लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने हमले की निंदा करते हुए इसे युद्धविराम और लेबनान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया।

वहीं, इस्राएल की सेना ने कहा है कि क्षेत्र में संभावित खतरे की पहचान के बाद ये हमले किए गए।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला