अप्रैल 20, 2026 10:02 पूर्वाह्न

printer

तेलंगाना: राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला का प्रस्ताव, प्रवेश के समय छात्र मादक पदार्थों के खिलाफ दें प्रतिज्ञा पत्र

तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने प्रस्ताव किया है कि स्कूल- कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्र मादक पदार्थ के सेवन के खिलाफ औपचारिक प्रतिज्ञा या घोषणा पत्र दें। इसका उद्देश्‍य मादक पदार्थों के खिलाफ राज्य के संघर्ष को मजबूत करना है। यह प्रस्ताव लोक भवन में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और राज्य मंत्री डी. श्रीधर बाबू के साथ हुई बैठक में दिया गया।

राज्यपाल ने शिक्षा क्षेत्र में मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खतरों के बारे में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने 12 जून को एलबी स्टेडियम में होने वाले व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। इस चर्चा में सांसद वेम नरेंद्र रेड्डी भी उपस्थित थे।

राज्यपाल ने राज्य सरकार से शैक्षणिक परिसर में मादक पदार्थों की उपलब्धता पर अंकुश के लिए अधिक कठोर नियंत्रण लागू करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री रेड्डी ने समुचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।