नवम्बर 12, 2026 1:39 अपराह्न

printer

तमिलनाडु: आज प्रकाशित की जाएगी सभी जिलों की संयुक्त प्रारूप मतदाता सूची

तमिलनाडु में आज सभी जिलों की संयुक्त प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। कार्यक्रम के अनुसार, अगले वर्ष पहली जनवरी को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्रता की आधार तिथि माना जाएगा। पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत मतदान केंद्रों को भी अद्यतन और पुनर्गठित किया जा रहा है। दो नवम्‍बर को मतदान केंद्रों के पुनर्गठन का काम पूरा कर लिया गया था और नए मतदान केंद्रों की सूची पहले ही जारी की जा चुकी है।

प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद मतदाताओं को सलाह दी गई है कि वे सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांच लें। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 11 दिसंबर है। नए मतदाता अपना नाम जुड़वा सकते हैं, जबकि मौजूदा मतदाता अपने विवरण में सुधार करा सकते हैं। पते में बदलाव और नाम हटाने के लिए भी आवेदन किया जा सकता है।

निर्वाचन आयोग आवेदनों की जांच करेगा और 28 दिसम्‍बर तक उन पर निर्णय लेने की प्रक्रिया पूरी करेगा। अंतिम मतदाता सूची अगले वर्ष चार जनवरी को प्रकाशित की जाएगी। राज्य में फिलहाल पांच करोड़ 69 लाख से अधिक मतदाता हैं।