प्रमुख घरेलू शेयर सूचकांक आज बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 152 अंक बढ़कर 78 हजार 581 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में मामूली 10 अंकों की बढ़त हुई और यह 24 हजार 625 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के व्यापक बाजार में, मिडकैप इंडेक्स 0.2 प्रतिशत और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.8 प्रतिशत प्रतिशत बढ़ा। बाजार ने बढ़त के साथ शुरूआत की, लेकिन जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ा, दोनों प्रमुख शेयर सूचकांक कमजोर हुए। हालांकि, कारोबार के अंत में, क्लोजिंग ऑक्शन सत्र के बाद दोनों ही प्रमुख शेयर सूचकांकों ने कुछ हद तक रिकवरी की।
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 18 कंपनियों के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बढ़त वाली कंपनियों के शेयरों में अल्ट्राटेक सीमेंट 2 प्रतिशत, एन.टी.पी.सी. 1.8 प्रतिशत और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तथा महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.7 प्रतिशत बढ़े। वहीं, घाटा दर्ज करने वाली कंपनियों के शेयरों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज 1.2 प्रतिशत, एचसीएल टेक 1 प्रतिशत से अधिक और रिलायंस में लगभग 1 प्रतिशत की गिरावट आई।