सितम्बर 2, 2026 7:20 अपराह्न

printer

शेयर बाज़ार: प्रमुख घरेलू सूचकांक में आज दर्ज की गई गिरावट

प्रमुख घरेलू शेयर सूचकांक आज लगभग आधा प्रतिशत नीचे आए। इससे लगातार तीसरे दिन बाज़ार में गिरावट आई। सेंसेक्स 374 अंक फिसलकर 76 हजार 570 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 141 अंक लुढ़ककर 23 हजार 914 पर आ गया। विस्‍तृत शेयर बाज़ार में, निफ्टी मिडकैप-100 और स्मॉलकैप-100 सूचकांक में लगभग आधे प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले, वैश्‍विक बाज़ार से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच बाज़ार ‘गैप डाउन’ के साथ खुले। दोनों सूचकांक सीमित दायरे में कारोबार करते रहे और पूरे दिन दबाव में नजर आए। हालांकि, क्लोजिंग ऑक्शन सेशन के बाद उन्होंने नुकसान की थोड़ी बहुत भरपाई की।

सेंसेक्स में शामिल 30 में से 20 कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। खराब प्रदर्शन करने वाली कम्‍पनियों के शेयरों में एशियन पेंट्स, HDFC बैंक, HCL टेक और महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं। इनमें लगभग डेढ़ प्रतिशत की गिरावट आई। वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में एक दशमलव तीन प्रतिशत का नुकसान दर्ज हुआ। इसके उलट, अडानी पोर्ट्स में डेढ़ प्रतिशत से अधिक की बढ़त हुई, बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड और NTPC में एक प्रतिशत की तेज़ी आई और टाइटन 0.7 प्रतिशत बढ़ा।