उपभोक्ता मामले विभाग के अधीन गाज़ियाबाद स्थित राष्ट्रीय परीक्षण गृह-एनटीएच की उत्तरी क्षेत्र इकाई में अत्याधुनिक जूता परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित की गई है। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा है कि इस प्रयोगशाला से एमएसएमई, निर्माता, निर्यातक, उपभोक्ता और नियामक संस्थाओं को भरोसेमंद और उच्च गुणवत्ता वाली फुटवियर परीक्षण सेवाएं मिल सकेंगी।
मंत्रालय के अनुसार, यह सुविधा तेजी से बढ़ रहे फुटवियर क्षेत्र के लिए देश की गुणवत्ता जांच व्यवस्था को और मजबूत करेगी।
गाज़ियाबाद की इस उन्नत प्रयोगशाला में आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनसे भारतीय मानकों के अनुसार विभिन्न प्रकार के जूतों की गुणवत्ता जांच की जा सकेगी। इसमें सुरक्षा जूते, औद्योगिक जूते, स्कूल शूज़ और चमड़े के फुटवियर सहित कई श्रेणियों की जांच की सुविधा उपलब्ध है।
दिल्ली-एनसीआर, कानपुर और आगरा जैसे प्रमुख फुटवियर निर्माण केंद्रों के पास स्थित होने के कारण यह प्रयोगशाला नमूनों की जांच को तेज करेगी, परिवहन लागत कम करेगी और उत्तरी भारत के फुटवियर उद्योग को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगी।
मंत्रालय ने कहा कि यह पहल विकसित भारत और मेक इन इंडिया अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगी।