जून 30, 2026 1:59 अपराह्न

printer

दिल्ली समेत चार राज्यों में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण आज से शुरू

दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन एसआईआर के अंतर्गत आज से घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदाता गणना प्रपत्र वितरित करने का कार्य शुरू हो गया है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत 13 हजार से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारी-बीएलओ अगले महीने की 29 तारीख तक हर घर जाकर सभी मौजूदा मतदाताओं को पूर्व-मुद्रित गणना प्रपत्रों की दो प्रतियां वितरित करेंगे, ताकि मतदाता सूची का सत्यापन और अद्यतन किया जा सके।
 
कल संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मतदाता www.voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं।
 
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्‍ली के सभी पात्र मतदाताओं से इस संशोधन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि मतदाता अपने जनगणना प्रपत्रों को सही-सही भरें और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने-अपने बीएलओ को जमा करें। 
 
झारखंड में आज से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण – एसआईआर शुरू हो गया है, जिसके तहत बूथ स्तरीय अधिकारी – बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे।
 
कर्नाटक में आज से घर-घर जाकर मतदाता गणना शुरू हो गई है। ब्लॉक स्तर के अधिकारी (बीएलओ) विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर के तहत घरों का दौरा कर रहे हैं। इस कार्य के लिए राज्य भर के सभी 31 जिला निर्वाचन कार्यालयों में उनसठ हजार से अधिक बूथ स्तर के अधिकारी तैनात किए गए हैं। चार अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी, 224 मतदाता पंजीकरण अधिकारी, 336 सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी और 7556 बीएलओ पर्यवेक्षक भी पुनरीक्षण प्रक्रिया में शामिल हैं। राजनीतिक दलों ने बीएलओ के साथ काम करने के लिए 1.15 लाख से अधिक बूथ स्तर के एजेंट नियुक्त किए हैं। कर्नाटक में वर्तमान में 5 करोड़ 54.32 लाख से अधिक मतदाता हैं, जो विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत आएंगे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने आज बेंगलुरु स्थित अपने आवास पर गणना प्रपत्र भरा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से पंजीकरण कराने का आह्वान किया। उन्होंने आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त करने में राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।
 
मेघालय में आज से मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन-एसआईआर के तहत घर-घर जाकर सत्यापन शुरू हो गया है। 
 
पूर्वी खासी हिल्स के उपायुक्त अभिलाष बरनवाल ने बताया कि 1021 बूथ स्तरीय अधिकारी-बीएलओ जिले के सभी 1021 मतदान केंद्रों पर 29 जुलाई तक घरों का दौरा करेंगे और उन मतदाताओं को पहले से भरे हुए स्व-गणना प्रपत्र वितरित करेंगे जिनके नाम 2025 की मतदाता सूची में पहले से ही शामिल हैं।
 
प्रारंभिक चरण में किसी भी दस्तावेज़ की आवश्यकता नहीं है और मतदाताओं को केवल स्व-गणना प्रपत्र भरकर वापस जमा करना होगा। अतिरिक्त दस्तावेज़ केवल स्पष्टीकरण की आवश्यकता होने पर ही मांगे जाएंगे और मतदाताओं को उन्हें जमा करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा।
 
घर-घर सर्वेक्षण के बाद 5 अगस्त को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया जाएगा। मतदाता 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।