स्पेन सरकार ने 5 लाख अवैध प्रवासियों को कानूनी दर्जा देने की योजना को मंजूरी दी है, जिससे उन्हें औपचारिक रूप से कार्यबल में शामिल किया जाएगा।
इस योजना के अंतर्गत एक साल का नवीकरणीय निवास परमिट दिया जाएगा। कम से कम पांच महीने से रह रहे प्रवासियों को इस योजना में शामिल किया जाएगा, जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड न हो। आवेदन कल से शुरू होकर इस जून तक चलेंगे।
सोशल मीडिया पोस्ट पर स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने इस कदम को न्यायसंगत और स्पेन के लिए आवश्यक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि बढ़ती बुजुर्ग आबादी वाले देश में अर्थव्यवस्था और सार्वजनिक सेवाओं को बनाए रखने के लिए इन प्रवासियों की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह उस राष्ट्र के लिए सही कदम है जिसने अपने कई नागरिकों को पलायन करते देखा है।
इस बीच, विपक्षी पीपुल्स पार्टी ने इस योजना की आलोचना करते हुए कहा है कि इससे अवैध प्रवासन को बढ़ावा मिलेगा। फंकास थिंक टैंक का अनुमान है कि स्पेन में लगभग आठ लाख 40 हजार अवैध प्रवासी हैं, जिनमें से कई लैटिन अमरीका से हैं। यह योजना ऐसे समय में आई है जब स्पेन के कई यूरोपीय पड़ोसी देश आप्रवासन पर नियंत्रण कड़ा कर रहे हैं।