फीफा विश्व कप में आज दक्षिण कोरिया ने चेक गणराज्य को 2-1 से हराया। मैक्सिको के ज़ापोपान में खेले गए रोमांचक ग्रुप ए मुकाबले में दक्षिण कोरिया ने इस जीत के साथ महत्वपूर्ण तीन अंक हासिल किए। दक्षिण कोरिया का अगला मुकाबला सह-मेजबान मैक्सिको से होगा, जबकि चेक गणराज्य, ग्रुप ए के दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगा।
इससे पहले, कल रात मैक्सिको सिटी में खेले गए उद्घाटन मैच में मैक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया था। आज, सह-मेजबान कनाडा, ग्रुप बी के मैच में बोस्निया-हर्ज़ेगोविना के साथ खेलेगा। मैच भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे शुरू होगा। दोनों देश विश्व कप में पहली बार आमने-सामने होंगे। इसके बाद ग्रुप चरण के मुकाबले में कनाडा का सामना कतर और स्विट्जरलैंड से होगा।
एक महीने तक चलने वाले फीफा विश्व कप 2026 का भव्य उद्घाटन कल रात मैक्सिको सिटी में हुआ। रंगारंग उद्घाटन समारोह में शकीरा और बर्ना बॉय ने टूर्नामेंट के आधिकारिक गीत ‘दाई-दाई’ से समा बांधा। मैक्सिको के संगीत जगत की दिग्गज हस्तियां, एलेजांद्रो फर्नांडीज, लीला डाउन्स, बेलिंडा और अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति दी और इस फुटबॉल उत्सव की नींव रखी।