मई 8, 2026 6:35 अपराह्न

printer

सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर मनाया जाएगा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व

सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 11 मई को आयोजित होने वाले सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में भाग लेंगे।

   

राज्य मंत्रिमंडल मंत्री जीतू भाई वाघानी ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत सोमनाथ में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम आयोजित होंगे। श्री वाघानी ने बताया कि प्रधानमंत्री त्रिवेनी हेलीपैड से वीर हमीरजी गोहिल की प्रतिमा तक एक किलोमीटर लंबी सड़क यात्रा का भी नेतृत्व करेंगे। इस सड़क यात्रा में विभिन्न कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

   

श्री मोदी सोमनाथ मंदिर में कुंभाभिषेक, ध्वज पूजा और महा पूजा करेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्‍य आकर्षण सूर्य किरण टीम द्वारा शानदार हवाई करतब और हेलीकॉप्टरों से मंदिर पर फूलों की पंखुड़ियाँ बरसाना रहेगा। समारोह के बाद श्री मोदी सद्भावना मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।

   

सोमनाथ मंदिर आत्मसम्मान और साहस के प्रतीक का रूप है। 75 वर्ष पहले, 11 मई को, पुनर्निर्मित मंदिर का उद्घाटन भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने किया था।